कोरोना वायरस के मद्देनजर मप्र सरकार ने अंतरराज्यीय बस संचालन पर प्रतिबंध सात जून तक बढ़ाया

Summary :

मध्य प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए पड़ोसी राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से बसों की आवाजाही पर लगाए गए प्रतिबंध को एक सप्ताह और बढ़ाकर सात जून तक कर दिया है।

मध्य प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए पड़ोसी राज्यों महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से बसों की आवाजाही पर लगाए गए प्रतिबंध को एक सप्ताह और बढ़ाकर सात जून तक कर दिया है। इससे पहले प्रदेश सरकार ने 23 मई को एक आदेश जारी कर अंतरराज्यीय यात्री बसों के संचालन पर 31 मई तक प्रतिबंध लगाया था।
अतिरिक्त परिवहन आयुक्त अरविंद सक्सेना द्वारा सोमवार को जारी ताजा आदेश में कहा गया है कि कोविड-19 प्रभावित राज्यों महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश से मध्यप्रदेश में बसों की आवाजाही पर प्रतिबंध की अवधि सात जून तक बढ़ा दी गई है। आदेश में कहा गया है कि यह प्रतिबंध राष्ट्रीय पर्यटक परमिट वाली बसों पर भी लागू होगा।
प्रदेश के एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि मध्य प्रदेश में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,205 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 7,80,030 तक पहुंच गई। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से प्रदेश में 48 और मरीजों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 8,067 हो गई है।

Desk Team