मध्य प्रदेश में चिकित्सकों की कमी है, कोरोना मरीजों के उपचार के लिए बेहतर चिकित्सक नहीं मिल पा रहे हैं, यही कारण है कि राज्य के लोक निर्माण मंत्री गोपाल भार्गव ने अपने विधानसभा क्षेत्र के गढ़ाकोटा में बनाए गए कोविड केयर सेंटर के लिए चिकित्सक की भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। इस पर कांग्रेस ने तंज कसा है।
मंत्री भार्गव ने गढ़ाकोटा में कोविड केयर सेंटर बनाया है, सुविधायुक्त इस सेंटर के लिए चिकित्सक की जरुरत है। उन्होंने अपनी फेसबुक वॉल पर चिकित्सक की जरुरत का विज्ञापन साझा किया है। इसमें कहा गया है कि, सागर जिले के गढ़ाकोटा में कोविड केयर सेंटर में चिकित्सक एमडी (मेडिसिन) की आवश्यकता है, वेतनमान दो लाख रुपये मासिक के साथ निवास, भोजन एवं लग्जरी वाहन की संपूर्ण व्यवस्था मेरी ओर से रहेगी।
कांग्रेस के प्रवक्ता और मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष सैयद जाफर ने मंत्री के इस चिकित्सक भर्ती के विज्ञापन को लेकर राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाए हैं और लिखा है, वाह गोपाल जी इसे कहते हैं नेकी कर अपने मुखिया को आइना दिखाना, आपकी पहल काबिले तारीफ है, डूबते को तिनके का सहारा है, लेकिन 16 सालों तक आप के दल ने सत्ता के शीर्ष पर राज किया और अस्पताल और डॉक्टर की व्यवस्था नहीं कर पाने के चलते आज आपको मोटी कीमत चुकानी पड़ रही है।


Download Android App
Download iOS App



