पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के जीवन पर आधारित फिल्म ‘द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ को लेकर कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई में एक राय नहीं है। पार्टी का कोई सदस्य फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहा है तो कोई इसके विरोध में है। ‘द एक्सिडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ 11 जनवरी को रिलीज होने वाली है, जिसका ट्रेलर भी जारी हो चुका है।
इसके बाद मध्य प्रदेश की कांग्रेस इकाई के मीडिया विभाग के उपाध्यक्ष सैयद जफर का बयान आया है कि वह इस तरह की फिल्मों के प्रदर्शन के पक्ष में नहीं है। उनके अनुसार, इसमें पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है तो कांग्रेस ऐसी फिल्म का प्रसारण नहीं होने देगी।
इस संदर्भ में फिल्म निर्देशक को पत्र लिखा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के मीडिया प्रभारी नरेंद्र सलूजा का कहना है कि भाजपा द्वारा प्रायोजित ऐसी घटिया फिल्मों पर न तो हमने प्रतिबंध की बात की है, और न ही प्रतिबंध लगाकर उसे प्रचार दिलाना चाहते हैं। इस तरह की फिल्मों की सच्चाई देश की जनता जानती है।


Download Android App
Download iOS App



