MSME Fest 2026: शिमला का ऐतिहासिक रिज मैदान एक बार फिर संगीत, संस्कृति और उद्यमिता का केंद्र बनने जा रहा है। हिमाचल प्रदेश उद्योग विभाग द्वारा 3 से 5 जनवरी 2026 तक एमएसएमई फेस्ट 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSME) को बढ़ावा देना है, साथ ही पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मनोरंजन से भरपूर अनुभव देना भी है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) आरडी नजीम के अनुसार यह फ़ेस्ट “लोकल से ग्लोबल” की सोच को आगे बढ़ाते हुए उद्यमिता, नवाचार और हिमाचली संस्कृति को एक साथ मंच पर लाएगा।
MSME Fest 2026: स्टार नाइट्स रहेंगी खास आकर्षण
एमएसएमई फेस्ट 2026 की हर शाम संगीत से सजी होगी। 3 जनवरी को फ़ेस्ट की शुरुआत मशहूर पंजाबी गायक गैरी संधू की शानदार प्रस्तुति से होगी। उनके लोकप्रिय पंजाबी गीतों पर दर्शक झूमते नजर आएंगे। इसी शाम चंबा से ताल्लुक रखने वाले लोक गायक पीयूष राज अपनी सुरीली आवाज में हिमाचली लोक संगीत पेश करेंगे। इसके अलावा सिरमौर, हमीरपुर, मंडी और चंबा के सांस्कृतिक दल पारंपरिक नृत्य और संगीत से समां बांधेंगे।
4 जनवरी को संगीत प्रेमियों के लिए खास दिन रहेगा। स्टेट गेस्ट हाउस पीटरहॉफ़ में गजल गायक सुरेन्द्र खान गजलों से महफ़िल सजाएंगे। वहीं रिज मैदान पर पहाड़ी लोक संगीत की रंगीन शाम होगी। कांगड़ा से जुड़े इंडियन आइडल फेम नितिन, ‘वॉइस ऑफ शिमला’ सौरभ अत्री, लोकगायक हेमंत शर्मा, लोकगायिका गीता भारद्वाज, जतिन कुमार और ज्योति अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीतेंगे। साथ ही किन्नौर, कुल्लू, कांगड़ा और शिमला के सांस्कृतिक दल भी मंच पर नजर आएंगे।

Shimla News: उद्यमिता को मिलेगा नया मंच
एमएसएमई फेस्ट केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है। इस आयोजन में प्रदेश भर के उद्यमियों और स्टार्टअप्स को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। हस्तशिल्प, हैंडलूम, फूड प्रोसेसिंग, कृषि आधारित नवाचार और टेक स्टार्टअप्स के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। उद्योग निदेशक डॉ. युनूस के अनुसार विभाग का लक्ष्य युवाओं को स्वरोज़गार के लिए प्रेरित करना, स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ना और निवेश के नए अवसर तैयार करना है। फ़ेस्ट के दौरान कार्यशालाएं, मार्गदर्शन सत्र और नेटवर्किंग मीट्स भी आयोजित होंगी, जहां उद्यमी विशेषज्ञों से सीधे बातचीत कर सकेंगे।
सर्द मौसम में संगीत की गर्माहट
जनवरी की ठंड में जब रिज मैदान पर संगीत की गूंज सुनाई देगी, तो शिमला की सर्द रातें उत्साह और ऊर्जा से भर उठेंगी। यह फ़ेस्ट स्थानीय कलाकारों को पहचान देने के साथ-साथ युवाओं को आगे बढ़ने का मंच भी प्रदान करेगा। एमएसएमई फ़ेस्ट 2026 यह संदेश देता है कि आत्मनिर्भर हिमाचल की राह उद्यमिता से होकर जाती है। जब उद्योग, संस्कृति और संगीत एक साथ मिलते हैं, तो यह आयोजन सिर्फ एक फ़ेस्ट नहीं बल्कि प्रेरणा बन जाता है। शिमला के रिज मैदान पर सजा यह उत्सव हिमाचल के हुनर, युवाओं के जोश और संगीत की मिठास को एक साथ दिखाएगा।
रिपोर्ट: विक्रांत सूद
यह भी पढ़ें: हिमाचल कैबिनेट का बड़ा फैसला, स्वास्थ्य क्षेत्र को नई मजबूती, युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार


Download Android App
Download iOS App




