नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने मुंबई के सबसे बड़े ड्रग्स सप्लायर फारूख बटाटा के बेटे शादाब बटाटा को बीती रात हिरासत में लिया है। आपको बता दें कि एनसीबी ने कल रात तीन जगह लोखंडवाला, वर्सोवा और मीरा रोड पर छापेमारी की और छापेमारी के दौरान एनसीबी ने भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद किया है, जिसकी मार्किट में कीमत करीब 2 करोड़ बताई जा रही है।
इतना ही नहीं एनसीबी ने बड़ी महंगी गाड़ियों को भी अपने कब्जे में लिया है. इस मामले में यह कहा जा रहा है कि शादाब बटाटा ड्रग्स के इस धंधे से काफी समय से जुड़ा हुआ है और बॉलीवुड सेलेब्रिटीज को ड्रग्स सप्लाई करने का काम करता था। बता दें कि एनसीबी को लम्बे समय से इसकी तलाश थी।
एनसीबी ने बटाटा के पास से पैसे काउंट करने वाली मशीन भी बरामद की है। जानकारी के लिए आपको बता दें मुंबई में एमडीएमए के अलावा विदेशों से आने वाली ड्रग जैसे एलएसडी, गांजा, बड, कोकीन का सबसे बड़ा सप्लायर फारूख बटाटा है और हाई प्रोफाइल लोगों के बीच फारूख की अच्छी जान पहचान है यही कारण है कि मुंबई के हर बार और बड़ी ड्रग्स पार्टीज में वह ड्रग्स सप्लाई करता है। फिलहाल एनसीबी शादाब बटाटा से पूछताछ कर रही है जिससे इस धंधे में शामिल बाकी लोगों का पता लगाया जा सके।


Download Android App
Download iOS App



