धारदार हथियार से युवक की हत्या

Summary :

युवक को कातिलों ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। युवक के चेहरे, गले और पेट में कातिल धारदार हथियार से हमला करते रहे, जब तक युवक की सांसें नहीं थम गईं।

रुद्रपुर : एक युवक को कातिलों ने बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। युवक के चेहरे, गले और पेट में कातिल तब तक धारदार हथियार से हमला करते रहे, जब तक युवक की सांसें नहीं थम गईं। पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद कातिलों ने लाश को एक नाले में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। आज सुबह एक मजदूर ने नाले में औंधे मुंह पड़ी लाश देखी तो उसके होश फाख्ता हो गए। आनन-फानन में स्थानीय पार्षद ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

कुछ ही देर में रम्पुरा पुलिस मौके पर जा पहुंची। पुलिस ने शव को नाले से निकाला, लेकिन मृतक की मौके पर पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रीत विहार से बारादरी की ओर जाने वाली सड़क किनारे से एक कच्चा नाला गुजरा है। सड़क के एक ओर नाला है तो दूसरी ओर खेत है। इन दिनों खेत में धान रोपाई का काम चल रहा है।

बताया जाता है कि सुबह तकरीबन दस बजे कुछ मजदूर खेतों में धान रोपाई के लिए पहुंचे थे। इसी बीच एक मजदूर नाले के पास पहुंचा और नाले में जो देखा तो उसकी चीख निकल पड़ी। मजदूर की चीख सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने देखा कि नाले में औंधे मुंह एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई है। इधर, जानकारी पाकर मौके पर स्थानीय पार्षद भी जा पहुंचे। आनन-फानन में पार्षद ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

मृतक की पहचान से ही बेनकाब होंगे कातिलों के चेहरे
युवक की उम्र तीस साल के आस-पास बताई जा रही है। युवक की पहचान के तौर पर पुलिस के पास केवल दो चीजें हैं। एक तो मृतक के हाथ में लिखा मिथुन और दूसरे हाथ में मिले दो फ्रैंडशिप बैंड। गुदे मिले मिथुन से माना जा रहा है कि मृतक का नाम मिथुन है, लेकिन यह बात भी दावे से नहीं कही जा सकती। अब पुलिस के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता युवक की पहचान करना है।

इतना तो साफ माना जा रहा है कि जब तक युवक की पहचान नहीं होती, तब तक पुलिस कातिलों के पास पहुंचने में कामयाब नहीं होगी। हालांकि पुलिस के पास कातिलों की तस्दीक के लिए दूसरे रास्ते भी हैं, लेकिन मृतक की पहचान के जरिये कातिलों तक पहुंचना आसान होगा।

– सुरेंद्र तनेजा

Desk Team