महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को प्रदेश के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की और मराठा आरक्षण मामले को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद एवं केंद्र सरकार के साथ उठाने का आग्रह किया ।
प्रदेश में सत्तारूढ़ गठबंधन के नेताओं ने ठाकरे की अगुवाई में राज्यपाल से मुलाकात की । इससे कुछ ही दिन पहले उच्चतम न्यायालय ने महाराष्ट्र में मराठों के लिये शिक्षा एवं नौकरियों में आरक्षण की व्यवस्था को समाप्त कर दिया था ।
ठाकरे ने संवाददाताओं को बताया कि राज्य में सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी संपर्क करेगी ।
उन्होंने कहा कि एमवीए को जल्दी ही इस मुद्दे पर निर्णय की उम्मीद है क्योंकि मराठा समुदाय को आरक्षण देने वाले कानून का भाजपा समेत सभी दलों ने समर्थन किया था ।
उप मुख्यमंत्री अजित पवार एवं मंत्रियों — अशोक चह्वाण, जयंत पाटिल, बालासाहेब थोराट, एकनाथ शिंदे, दिलीप वालसे पाटिल एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले इस शिष्टमंडल का हिस्सा थे ।
उल्लेखनीय है कि उच्चतम न्यायालय ने पांच मई को मराठा समुदाय को आरक्षण प्रदान करने वाले कानून को असंवैधानिक करार दिया था ।
ठाकरे ने कहा, ”फैसले में कहा गया है कि आरक्षण देने की शक्ति राष्ट्रपति और केंद्र सरकार के पास है न कि राज्यों के पास । इसलिये हमने राज्यपाल से मुलाकात की और हमारी भावनाओं से राष्ट्रपति एवं केंद्र को अवगत कराने का आग्रह किया है, जिसका उन्होंने आश्वासन दिया है ।”
मुख्यमंत्री ने कहा, ”हमने इस मुद्दे पर जितना जल्दी संभव होगा, माननीय प्रधानमंत्री से भी मुलाकात करने का निर्णय किया है ।”
ठाकरे ने बताया कि इस मुद्दे पर वह प्रधानमंत्री को पत्र भी लिख चुके हैं ।


Download Android App
Download iOS App



