महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि राज्य में एमवीए सरकार ईंधन के दाम में वृद्धि के मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रही है जबकि वह करों में कटौती करके राहत प्रदान कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रति लीटर पेट्रोल पर केंद्र द्वारा लगाए गए कर 70 रूपए तक होते हैं और यह राशि विभिन्न तरीकों से राज्यों को दे दी जाती है तथा राज्य द्वारा लगाया गया शुल्क 27 रूपए तक होता है।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा, राज्य सरकार जो शुल्क लगाती है, उसे वह घटा सकती है और आम आदमी को राहत दे सकती है। जब उनसे प्रदेश कांग्रेस प्रमुख नाना पटोले द्वारा ईंधन के बढ़ते दाम के विरूद्ध साईकिल रैली निकाले जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि शायद वह ईंधन पर कर कटौती का श्रेय लेने का प्रयास कर रहे हों क्योंकि करों की कटौती की चर्चा चल रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि उनकी पार्टी एमवीए सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर काटे जा रहे बिजली कनेक्शन के विरूद्ध आवाज उठाएगी क्योंकि इससे लोगों और खासकर किसानों को बड़ी परेशान हो रही है।


Download Android App
Download iOS App



