बंगाल में समाज को बांटने का रचा जाता है षड्यंत्र, ममता जी सहित TMC के सभी नेता दलित विरोधी : नड्डा

Summary :

नड्डा ने कहा कि जब संविधान की रक्षा करने वाला ही, भक्षक बन जाए, जब संविधान की रक्षा करने वाला ही, संविधान के खिलाफ बोले, जब संविधान की रक्षा करने वाला ही, पुलिस के खिलाफ बोले, हमने कभी ऐसा देखा नहीं था।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा।पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्धमान में नड्डा ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ममता जी के एक नेता ने दलितों के लिए ऐसे अपशब्द कहे, जो हम बयान नहीं कर सकते। कहा कि इनको कितना भी दे दो ये बिक जाते हैं। लेकिन ममता जी ने आजतक इसकी भर्त्सना नहीं की। ममता जी सहित TMC के सभी नेता दलित विरोधी हैं।
उन्होंने कहा कि हमने सुना था कि ममता जी मां, माटी और मानुष की बात करती थी। लेकिन 10 साल में हमने देखा कि न मां की चिंता हुई, न माटी की रक्षा हुई और न ही मानुष की रक्षा हुई। नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के लिए पीएम किसान सम्मान निधि योजना का पैसा भेजने को तैयार, लेकिन वो आप तक पहुंचने नहीं दिया गया। क्या आप ऐसी सरकार चाहते हैं क्या?
उन्होंने कहा कि ममता दीदी को हाल ही में चुनाव आयोग ने 24 घंटे के लिए प्रतिबंधित कर दिया था। उन्होंने कूच बिहार में CAPF जवानों के ‘घेराव’ का आह्वान किया था। हमने संवैधानिक रूप से निर्वाचित लोगों को संवैधानिक प्रथाओं पर हमला करते नहीं देखा था।
नड्डा ने कहा कि जब संविधान की रक्षा करने वाला ही, भक्षक बन जाए, जब संविधान की रक्षा करने वाला ही,  संविधान के खिलाफ बोले, जब संविधान की रक्षा करने वाला ही, पुलिस के खिलाफ बोले, हमने कभी ऐसा देखा नहीं था। उन्होंने कहा कि बंगाल में समाज को बांटने का षड्यंत्र रचा जाता है, वो लोग कहते हैं कि एक समाज इकट्ठा हो जाओ, अलग हो जाओ। ये भाजपा की नरेन्द्र मोदी सरकार है जो सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास लेकर चलती है।

Desk Team