कांग्रेस की नागालैंड इकाई ने बृहस्पतिवार को राज्य विधानसभा के सभी 60 विधायकों से अपना इस्तीफा सौंपने और नगा राजनीतिक समाधान को लागू करने की मांग करने को कहा।
नगालैंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एनपीसीसी) के अध्यक्ष के. थेरी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में यह बात कही।
थेरी ने कहा, ‘‘यदि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक एलायंस (यूडीए) सरकार में कोई ईमानदारी बची है, तो उन्हें अपना इस्तीफा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सौंप देना चाहिए और उनसे राजनीतिक समाधान लागू करने के लिए कहना चाहिए।’’
उन्होंने भारत सरकार से नगा लोगों को संशय में नहीं रखने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा, ‘‘अब बहुत हो गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘अगर वे ईमानदार हैं तो यही समय है जब उन्हें राष्ट्रपति शासन की मांग करनी चाहिए और चुनाव टाल देना चाहिए। राजनीतिक समाधान लागू करना चाहिए। यह भाजपा और राज्य सरकार का रुख होना चाहिए।’’


Download Android App
Download iOS App



