WHO और केंद्र की चेतावनी को दरकिनार कर आयोजित किया गया नमस्ते ट्रंप का समारोह : कांग्रेस

Summary :

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने कहा कि विजय रुपाणी सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण पर डब्ल्यूएचओ और केंद्र सरकार की चेतावनी को नजरअंदाज कर तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत में यहां कार्यक्रम आयोजित किया था।

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने विधानसभा में एक बड़ा दावा पेश किया है। उन्होंने कहा कि विजय रुपाणी सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण पर डब्ल्यूएचओ और केंद्र सरकार की चेतावनी को नजरअंदाज कर तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत में यहां कार्यक्रम आयोजित किया था।
मोटेरा स्टेडियम में पिछले साल 24 फरवरी को इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें एक लाख से अधिक लोग एकत्रित हुए थे। चावड़ा ने शनिवार को विधानसभा में कहा, “चीन में कोविड-19 फैलने के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पिछले साल 30 जनवरी को स्वास्थ्य आपातकाल की घोषणा की थी और सभी देशों को चेतावनी जारी की थी। केंद्र सरकार ने राज्यों से बड़ी जनसभाएं आयोजित न करने को कहा था। इसके बावजूद गुजरात सरकार ने नमस्ते ट्रंप का आयोजन किया।”
आनंद जिले के अंकलाव से विधायक चावड़ा ने कहा, “जब सरकार को लोगों को संक्रमण से आगाह करना चाहिए था तब उसने पार्टी के राजनीतिक लाभ के लिए नमस्ते ट्रंप जैसा आयोजन किया।” इन आरोपों का खंडन करते हुए गुजरात भाजपा प्रवक्ता यामल व्यास ने कहा, “नमस्ते ट्रंप कार्यक्रम और वायरस के प्रसार में कोई संबंध नहीं है। आयोजन फरवरी में किया गया था और कोरोना वायरस लॉकडाउन मार्च में हुआ था।” चावड़ा, सदन में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान अपनी बात कह रहे थे।

Desk Team