बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान से जुड़े मानहानि मामले में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे और उनके विधायक पुत्र नितेश राणे अपना बयान दर्ज कराने मालवणी पुलिस थाने पहुंचे। दिशा सालियान के बारे में कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने और झूठी सूचना फैलाने को लेकर नारायण राणे तथा नितेश के खिलाफ दर्ज किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि बीजेपी के नेता और उनके बेटे के अपराह्न लगभग पौने दो बजे वहां पहुंचने पर बड़ी संख्या में राणे के समर्थक पश्चिमी उपनगर स्थित थाने के बाहर जमा हो गए तथा नारेबाजी की। उन्होंने बताया कि पिता-पुत्र मामले में जांच अधिकारी के समक्ष अपने बयान दर्ज कराएंगे।
दिशा सालियान मानहानि मामले में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे और उनके बेटे को गिरफ्तारी से 10 मार्च तक मिली राहत
मालवणी पुलिस ने नितेश राणे को एक नोटिस भेज कर गुरुवार को और उनके पिता को शुक्रवार को जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होने को कहा था। लेकिन उन्होंने अपने वकील के जरिये पुलिस को सूचना दी कि चूंकि राज्य विधानमंडल का सत्र चल रहा है और वे उक्त तारीखों को अपने कर्तव्यों के निर्वहन को प्राथमिकता देंगे तथा शनिवार को पुलिस के समक्ष उपस्थित होंगे।
यहां की एक अदालत ने पिता-पुत्र को शुक्रवार को 10 मार्च तक गिरफ्तारी से अंतरिम संरक्षण दिया था। मालवणी पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री ने 19 फरवरी को संवाददाता सम्मेलन में कुछ टिप्पणी की थी, जहां उनके बेटे भी उपस्थित थे। संवाददाता सम्मेलन के दौरान मंत्री ने सालियान की मौत के बारे में कुछ दावे किये थे।
उल्लेखनीय है कि सुशांत का शव उपनगर बांद्रा स्थित उनके अपार्टमेंट से मिलने के छह दिन पहले सालियान ने आठ जून 2020 को उपनगर मलाड में एक बहुमंजिला इमारत से कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।


Download Android App
Download iOS App



