राहुल के कश्मीर दौरे पर नरोत्तम मिश्रा का तंज, कांग्रेस नेता की बयानबाजी को बताया ‘सियासी खेल’

Summary :

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी के कश्मीर दौरे पर निशाना साधते हुए कहा कि कश्मीर में उनकी बयानबाजी सिर्फ सियासी खेल है।

कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी अनुछेद 370 हटने के बाद पहली बार जम्मू-कश्मीर का दौरा किया। उनके इस दौरे पर मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने निशाना साधते हुए कहा कि कश्मीर में उनकी (राहुल गांधी) बयानबाजी सिर्फ सियासी खेल है।
नरोत्तम मिश्रा ने अपने ट््वीट के माध्यम से कहा कि कश्मीर में राहुल गांधी की बयानबाजी सिर्फ सियासी खेल है। यदि वे कश्मीरी पंडितों के हितैषी हैं, तो उन्हें अपने कश्मीर दौरे के समय कश्मीरी पंडितों के पुनर्वास का मुद्दा उठाना चाहिए था। कल कश्मीर में सरपंच और उनकी पत्नी की भी हत्या कर दी गई, क्या श्री गांधी वहां गए।


गृह मंत्री ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा कि कांग्रेस इन दिनों विचित्र स्थिति में है। वो संवाद के विषय पर हंगामा करती है और हंगामे के विषय पर संवाद। उन्होंने कहा कि नए विधायक भी सदन की परंपरा और आचरण सीख गए हैं, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ अभी तक नहीं सीख पाए हैं। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को मध्यप्रदेश में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी के बारे में पुनर्विचार करना ही चाहिए। गौरतलब है कि दो दिवसीय दौरे के लिए कश्मीर पहुंचे राहुल गांधी ने कश्मीर से अपने परिवार के रिश्ते के संदर्भ में बयान देते हुए कहा था कि “मैं आपको बता सकता हूं कि मैं आपको समझता हूं, मेरे परिवार ने निश्चित रूप से झेलम का पानी पिया होगा। कश्मीरियत, संस्कृति और विचार प्रक्रिया मुझमें भी जरूर होगी। जब मैं यहां आता हूं, मुझे घर आने जैसा एहसास होता है।” उन्होंने कहा कि वह प्यार और सम्मान के संदेश के साथ आए थे। 

Desk Team