नरोत्तम ने साधा कांग्रेस पर निशाना, कहा- देश को बदनाम करने की साजिश में शामिल होना पार्टी की फितरत

Summary :

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि देश को बदनाम करने की साजिश में शामिल होना कांग्रेस की फितरत रही है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि देश को बदनाम करने की साजिश में शामिल होना कांग्रेस की फितरत रही है। नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट के जरिए कहा कि केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद से जब भी देश और दुनिया में देश के स्वाभिमान की बात होती है, कांग्रेस उसी समय देश को बदनाम करने का कोई ने कोई विषय उछालकर भ्रम फैलाने का प्रयास करती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा सेना की क्षमता से लेकर कोरोना वैक्सीन की गुणवत्ता पर सवाल खड़ा करना और अब पेगासस जासूसी की आड़ में देश को बदनाम करना, एक ही काम है। गृह मंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस में वही सब हो रहा है, जो राहुल गांधी चाहते हैं। उन्होंने हाल ही में कहा कि जिन लोगों को पार्टी से जाना है, चले जाएं। उनकी बात का अनुसरण करते हुए मणिपुर कांग्रेस के नेताओं ने जाने की शुरूआत कर दी है। 
मिश्रा आगे बोले कि धीरे-धीरे सभी को समझ आ रहा है कि कांग्रेस एक डूबता हुआ जहाज है। मिश्रा ने मध्यप्रदेश के संदर्भ में कहा कि कांग्रेस ने अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग को हमेशा मतदाता के रूप में लिया है। उनके लिए कोई काम नहीं किए। गृह मंत्री ने कहा कि शिवभानु सोलंकी और कांतिलाल भूरिया से लेकर आज तक के मामले देख लें, कांग्रेस के अंदर हमेशा आदिवासी नेताओं की उपेक्षा होती रही है।

Desk Team