मॉनसून सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत जोरदार हंगामे के साथ हुई है। विपक्षी दलों ने पेगासस जासूसी विवाद के मुद्दे को लेकर जोरदार हंगामा किया। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने पेगासस प्रोजेक्ट मीडिया रिपोर्ट में सरकार की किसी भूमिका से इनकार किया है।
सरकार की कोई भूमिका नहीं है
कथित जासूसी प्रकरण में मानसून सत्र के लगातार दूसरे दिन हंगामे के बाद सदन स्थगित होने पर जोशी ने कहा कि आईटी मंत्री पहले ही इस मसले पर बयान दे चुके हैं। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी ने कहा, इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है। आईटी मंत्री ने इस पर पहले ही बयान दिया है।
लोकसभा और राज्यसभा में दूसरे दिन भी पेगासस स्पाईवेयर से जासूसी के मुद्दे को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया
बता दें कि लोकसभा और राज्य सभा में मंगलवार को दूसरे दिन भी पेगासस स्पाईवेयर से जासूसी के मुद्दे को लेकर विपक्ष ने हंगामा किया। जिसके कारण लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे और राज्य सभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।सूचना प्रौद्योगिकी और संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पेगासस सॉफ्टवेयर के जरिये भारतीयों की जासूसी करने संबंधी खबरों को सोमवार को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ये आरोप भारतीय लोकतंत्र की छवि को धूमिल करने का प्रयास हैं।
जब देश में नियंत्रण व्यवस्था पहले से है तब अनधिकृत व्यक्ति द्वारा अवैध तरीके से निगरानी संभव नहीं
सदन में अश्विनी वैष्णव ने शोरशराबे के बीच इजरायली सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करके राजनीतिज्ञों, पत्रकारों एवं अन्य महत्वपूर्ण हस्तियों की जासूसी कराने के आरोपों से संबंधित मीडिया रिपोर्ट पर एक बयान पढ़कर सरकार की स्थिति स्पष्ट की। लोकसभा में स्वत: संज्ञान के आधार पर दिये गए अपने बयान में वैष्णव ने कहा कि जब देश में नियंत्रण एवं निगरानी की व्यवस्था पहले से है तब अनधिकृत व्यक्ति द्वारा अवैध तरीके से निगरानी संभव नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



