क्राइम मास्टर गोगो बनकर शक्ति कपूर अपने OTT डेब्यू को तैयार, बेटी से लूटी ये चीज

Summary :

फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज एक्टर शक्ति कपूर जल्द ही ओटीटी पर नजर आने वाले हैं। वे फिर से अपने पुराने अवतार क्राइम मास्टर गोगो में नजर आएंगे।

बीते कुछ समय में कई फिल्मी स्टार्स के ओटीटी डेब्यू को लेकर खबरें आई हैं। इनमें शाहिद कपूर, अजय देवगन, सोनाक्षी सिन्हा समेत कई बड़े नाम शामिल है। अब इसी कड़ी में दिग्गज एक्टर शक्ति कपूर भी शामिल हो गए हैं। जी हां, शक्ति कपूर भी जल्द ही ओटीटी पर डेब्यू करने जा रहे हैं। इस डेब्यू में वे फिर से अपने मशहूर रोल क्राइम मास्टर गोगो के किरदार में दिखाई देंगे। 
दरअसल, शक्ति कपूर की बेटी श्रद्धा कपूर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वह क्राइम मास्टर गोगो बने हुए नजर आ रहे हैं। श्रद्धा कपूर ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें आप देख सकते हैं कि ऐक्ट्रेस नेल पॉलिश लगा रही हैं तभी पीछे से शक्ति कपूर आ जाते हैं और उन्हें देखकर वह चौंकते हुए कहती हैं कि बापू। 
 शक्ति कपूर कहते हैं कि क्राइम मास्टर गोगो वापस आ गया है और आया है तो कुछ लूट कर जाएगा। इसके बाद वह उनकी नेल पॉलिश लेकर चले जाते हैं। इस पर श्रद्धा कपूर कहती हैं कि क्या जरूरत थी क्राइम मास्टर गोगो को वापस बुलाने की और अब वो कहां से क्या-क्या लूट कर ले जाएंगे।

श्रद्धा कपूर ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा, ‘अरे बापू नेल पॉलिश तो छोड़ देते! गोगो इस बैक, आए है तो कुछ लूट कर जाएंगे!’ बताते चलें कि साल 1995 में रिलीज हुई फिल्म ‘अंदाज अपना अपना’ में शक्ति कपूर ने क्राइम मास्टर गोगो का रोल निभाया था।
शक्ति कपूर की क्राइम मास्टर गोगो के रूप में वापसी देखकर फैंस काफी खुश हैं। हालांकि, उनके इस किरदार को लेकर अधिक जानकारी सामने नहीं आई है। अभी तक पता नहीं चला है कि उनका ये कोई प्रमोशन है या फिर वह कोई फिल्म या सीरीज के साथ इस किरदार में फिर से नजर आएंगे।

Desk Team