इन दिनों पुरे भारत में मानसून ने आफत मचाई हुई है। देश के कई राज्यों में भारी बारिश के कारण लोग परेशान और आहत हैं। बारिश के कारण आकाशीय बिजली का खतरा भी बना रहता है , कई लोगों की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो रही है। इसी बीच एक ऐसी ही खबर सामने आ रही है जहाँ छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत हो गई है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के सन्ना थाना क्षेत्र के अंतर्गत हर्रा डिपा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से सीताराम (37) और उनके पुत्र अजय (13) की मौत हो गई है।उन्होंने बताया कि प्राप्त सूचना के अनुसार, वीरवार शाम को जब सीताराम अपने पुत्र अजय के साथ खेत में थे, तभी वहां बारिश होने लगी। जब दोनों बारिश से बचने के लिए खेत से बाहर निकलने लगे तब वहां आकाशीय बिजली गिरी और दोनों उसकी चपेट में आ गए। इस घटना में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी जब अन्य ग्रामीणों को मिली तब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।उन्होंने बताया कि सूचना के बाद पुलिस टीम को घटनास्थल भेजकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



