ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बीजद की तरफ से 2014 में जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करने का दावा करते हुए मंगलवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। घोषणा पत्र में किसानों, महिलाओं एवं युवाओं के सामाजिक-आर्थिक विकास पर जोर दिया गया है।
क्षेत्रीय पार्टी (बीजद) ने अपने घोषणा पत्र को ”नवीन ओडिशा, सशक्त ओडिशा” नाम दिया है जिसमें उन्होंने सभी किसानों एवं भूमिविहीन खेतिहर मजदूरों के लिए कालिया योजना को जारी रखने का वादा किया है। पटनायक ने कहा, ”भाजपा एवं कांग्रेस से उलट बीजद ने 2014 के चुनावों में लोगों से किए गए वादों को पूरा किया है।”
युवाओं के लिए बीजद सरकार ने राज्य में आने वाले सभी उद्योगों में 75 प्रतिशत नौकरियों का वादा किया। इसमें कहा गया कि राज्य स्तर पर लगने वाला भर्ती शुल्क माफ कर दिया जाएगा। बीजद ने बिना किसी ब्याज के शैक्षिक ऋण देने का भी वादा किया है। घोषणापत्र में कहा गया कि सभी तकनीकी संस्थानों, कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों को मुफ्त वाई-फाई दिया जाएगा।
वहीं, पटनायक ने यह भी कहा कि किसी भी पार्टी को लोकसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत नहीं मिलेगा और दावा किया कि ओडिशा केंद्र में अगली सरकार के गठन में अहम भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय पार्टी केंद्र में ऐसी सरकार का समर्थन करेगी जो ओडिशा के अधिकारों का समर्थन करेगी।


Download Android App
Download iOS App




