अरविंद सावंत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराएंगी नवनीत राणा, शिवसेना MP ने दी थी धमकी

Summary :

सांसद नवनीत राणा ने कहा है कि लोकसभा में सोमवार को सचिन वाजे केस उठाने पर शिवसेना सांसद अरविंद सावंत ने लोकसभा लॉबी में जेल भेजने की धमकी दी।

लोकसभा में सचिन वाजे का मामला उठाने वालीं महाराष्ट्र की अमरावती सीट से सांसद नवनीत राणा ने शिवसेना सांसद अरविंद सावंत पर धमकी देने का आरोप लगाया है। इस मामले में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से शिकायत के बाद नवनीत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगी।
 निर्दलीय सांसद नवनीत रवि राणा ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। सांसद नवनीत राणा ने कहा है कि लोकसभा में सोमवार को सचिन वाजे केस उठाने पर शिवसेना सांसद ने लोकसभा लॉबी में जेल भेजने की धमकी दी। 
अमरावती से लोकसभा सांसद नवनीत राणा ने लोकसभा स्पीकर से की शिकायत में कहा है, “मनसुख हिरेन हत्याकांड और सचिन वाजे प्रकरण पर आज मैंने लोकसभा में कुछ सवाल उठाए। महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने को लेकर एक महिला सांसद के तौर पर मैंने सवाल उठाए। जिस पर लोकसभा लॉबी में शिवसेना सांसद ने धमकी देते हुए कहा, देखता हूं, तुम महाराष्ट्र में कैसे घूमती हो, तेरे को भी जेल में डालेंगे।” 
नवनीत राणा ने कहा कि इसके पहले भी तेजाब डालने और जान से मारने की धमकी मिलती रही है। सांसद नवनीत राणा ने कहा है कि जिस तरह से अरविंद सावंत ने धमकी दी है, यह मेरा ही नहीं पूरे देश की महिलाओं का अपमान है। अरविंद सावंत के खिलाफ कड़ी से कड़ी पुलिस कार्रवाई होनी चाहिए। सांसद नवनीत राणा ने इस पत्र को प्रधानमंत्री, गृहमंत्री को भी भेजा है। 

Desk Team