पुडुचेरी विधानसभा चुनाव मे राजग ने जीती 12 सीटें, उसकी सरकार बनने के आसार

Summary :

पुडुचेरी में छह अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को चल रही मतगणना में एनआर कांग्रेस ने आठ सीटें और उसकी सहयोग भाजपा ने चार सीटें जीती हैं जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन तीन सीटों पर विजयी रहा है।

पुडुचेरी में छह अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को चल रही मतगणना में एनआर कांग्रेस ने आठ सीटें और उसकी सहयोग भाजपा ने चार सीटें जीती हैं जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन तीन सीटों पर विजयी रहा है।निर्वाचन आयोग ने बताया कि 30 विधानसभा सीटों में से 14 के नतीजे आ गये हैं तथा एआईएनआरसी ने आठ, भाजपा ने तीन, द्रमुक ने एक तथा कांग्रेस ने दो सीटें जीती हैं।
भाजपा के नमासवियम अपने द्रमुक प्रतिद्वंद्वी ए कृष्णन को हराकर मन्नाडिपेट विधानसभा सीट से विजयी हुए। वह इसी साल जनवरी में कांग्रेस से भाजपा में आये थे।एआईएनआरसी के यू लक्ष्मीकांधन ने पूर्व मंत्री एम कांडसामी को हराकर कांग्रेस से एम्बालम (आरक्षित) सीट छीन ली।मुख्य निर्वाचन अधिकारी सूरबीर सिंह ने पीटीआई-भाषा को बताया कि भाजपा उम्मीदवार ए जॉन कुमार कामराजनगर से विजयी घोषित किये गये हैं। कुमार कांग्रेस से भाजपा में आये थे।
कांग्रेस के एम वैद्यनाथन ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी सामिनाथन को हराया है। वैद्यनाथन एआईएनआरसी से कांग्रेस में आये थे।इस केंद्रशासित प्रदेश में एआईएनआरसी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में अन्नाद्रमुक और भाजपा भी शामिल है।कांग्रेस और द्रमुक एक-एक सीट पर आगे चल रही है। प्रतिद्वंद्वी सेक्युलर डेमोक्रेटिक अलायंस (एसडीए) में कांग्रेस, द्रमुक, वीसीके और भाकपा शामिल हैं।इस केंद्रशासित प्रदेश में विधानसभा की 30 सीटें हैं।

Desk Team