बिहार राज्यपाल लालजी टंडन ने बेहतर स्वास्थ्य-सुविधाओं की उपलब्धता के लिए चिकित्सा-शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाने पर जोर देते हुए आज कहा कि बिहार जैसे प्रगतिशील राज्य में स्वास्थ्य-सुविधाओं का विकास बेहद जरूरी है। राजभवन के सभाकक्ष में श्री टंडन की अध्यक्षता में राज्य के मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण-व्यवस्था की स्थिति एवं मेडिकल अस्पतालों में स्वास्थ्य-सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
राज्यपाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में स्वास्थ्य-सुविधाओं का तेजी से विकास हुआ है, आधारभूत संरचना-विकास के प्रयास हुए हैं, नये मेडिकल कॉलेज भी खुल रहे हैं, यह संतोष की बात है, लेकिन बेहतर प्रयासों के जरिये स्वास्थ्य-सुविधाओं को अधिक विकसित किये जाने की जरूरत है।
राज्यपाल ने कहा कि राजधानी स्थित पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पी०एम०सी०एच), अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), इंदिया गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) जैसे स्वास्थ्य-संस्थानों के जरिये बेहतर स्वास्थ्य-सुविधाएँ उपलब्ध हो रही है, लेकिन पीपीपी मोड में अन्य संस्थाओं को भी सुदृढ़कृत करने की जरूरत है।


Download Android App
Download iOS App



