गुजरात में कोरोना संक्रमण के नए मामलों में काफी गिरावट के मद्देनजर राज्य सरकार ने 36 शहरों में रात के कर्फ्यू में एक घंटे तक की रियायत देने की बुधवार को घोषणा की। दूसरी ओर, प्रदेश में दिन के वक्त लगाई गईं पाबंदियां पहले की तरह ही लागू रहेंगी। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने गांधीनगर में कैबिनेट की बैठक के बाद कर्फ्यू के संशोधित समय के संबंध में घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शुक्रवार से 36 शहरों में रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लागू रहेगा। फिलहाल रात आठ बजे से सुबह छह बजे तक रात का कर्फ्यू लागू है। रूपाणी ने कहा, “ गुजरात में कोरोना वायरस के मामले कम हो रहे हैं। 30 अप्रैल को सबसे ज्यादा करीब 14,600 नए मामले आए थे, जबकि वर्तमान में लगभग 3,200 मामले प्रतिदिन सामने आ रहे हैं। इसलिए, हमने रात के कर्फ्यू में ढील देने का फैसला किया है। कर्फ्यू अब रात नौ बजे से सुबह छह बजे तक रहेगा।”
उन्होंने कहा कि इस संबंध में बृहस्पतिवार को अधिसूचना जारी की जाएगी। फिलहाल रात का कर्फ्यू अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट समेत 36 शहरों में लगा हुआ है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इन शहरों में दिन के समय लागू प्रतिबंधों में कोई बदलाव नहीं होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार कोविड-19 की तीसरी लहर की आशंका से सतर्क है और इससे निपटने के लिए एक विस्तृत कार्य योजना की घोषणा जल्द ही की जाएगी। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को गुजरात में कोरोना वायरस के 3,255 नए मामले आए थे और 44 मरीजों की मौत हुई थी जिसके बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 7,94,912 हो गई और मरने वालों की संख्या 9,665 हो गई।


Download Android App
Download iOS App



