भाजपा के राष्ट्रीय सचिव के रूप में कार्यभार संभालने वाले अनुपम हाजरा ने विवादित बयान देते हुए कहा ‘अगर मैं कोरोना वायरस से संक्रमित हो गया तो पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गले लगाउंगा।’ अनुपम रविवार की दोपहर दक्षिण 24 परगना जिला के बरुइपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने गए थे। इस बैठक के बाद मीडिया कर्मियों से बात करते हुए उन्होंने यह विवादित बयान दिया।
बता दें की कोरोना महामारी के दौरान हाजरा ने और वहां बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने न तो मास्क पहन रखे थे और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जा रहा था। जब उनसे ये सवाल पूछा गया की उन्होंने और कार्यकर्ताओं ने मास्क क्यों नहीं पहने हैं, इस पर जवाब देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने कहा, ‘हमारे कार्यकर्ता कोविड-19 से कहीं बड़े खतरे से लड़ रहे हैं। वे ममता बनर्जी से लड़ रहे हैं। चूंकि वह कोविड-19 महामारी से प्रभावित नहीं हुए हैं, उन्हें किसी का डर नहीं है।’
हाजरा ने आगे कहा, ‘अगर मैं संक्रमित हो गया तो मैं ममता बनर्जी को गले लगाऊंगा। उन्होंने इस महामारी के पीड़ितों के साथ बहुत गलत व्यवहार किया है। उनके शवों को केरोसीन डालकर जलाया गया। हम इस तरह का व्यवहार तो कुत्ते या बिल्लियों के साथ भी नहीं करते हैं।’ बता दें की शनिवार को पश्चिम बंगाल से भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव के रूप में कार्यभार संभालने के एक दिन बाद यानि कि रविवार को अनुपम हाजरा ने यह बयान दिया है।
इस विवादित बयान के बाद तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने भी पलटवार करते हुए जवाब दिया। उन्होंने कहा, केवल पागल और अपरिपक्व लोग ही इस तरह के बयान देते हैं। कोई भी समझदार व्यक्ति जो अनुपम हाजरा को सुनता है, वह समझेगा कि वह किस तरह का व्यक्ति है।


Download Android App
Download iOS App



