हरिद्वार : नए साल का स्वागत और बीते वर्ष की विदाई का जश्न शहर और आसपास क्षेत्रों में धूमधाम से मनाया गया। होटल, रेस्तरां समेत जगह-जगह कार्यक्रमों का आयोजन कर नव वर्ष का स्वागत किया गया। डी-ब्रेट डांस ग्रुप ने भी जलवा बिखेरा। इधर बच्चों ने जहां यज्ञ अनुष्ठान किया वहीं स्कूल के बच्चों ने 218 पौधे रोप पर्यावरण को प्रदूषित न करने का संकल्प दोहराया।
वहीं, लोगों ने मंदिरों में परिवार सहित जाकर पूज-अर्चना कर मंगल कामना की। 2018 की विदाई और 2019 का स्वागत उत्साह से करने के लिए युवाओं की ओर से शानदार तैयारियां की गई थी। जगह -जगह विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था। शाम ढलते ही कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हुआ और जैसे-जैसे घड़ी की दोनों सुइयां मिलने के करीब पहुंची युवा दिलों की धड़कनें तेज हो गई।
बारह बजते ही लोगों ने एक दूसरे के गले लग नव वर्ष की बधाइयां दी। सिडकुल क्षेत्र के होटलों के अलावा गंगानगरी के होटर रेस्तरां में किये गये विशेष आयोजन में लोगों की भीड़ देखने को मिली। शाम के समय होटल रेस्टोरेंट तथा बाजार में खासी चहल पहल देखने को मिली।
इधर पुलिस की ओर से नये साल के जश्न के दौरान हुड़दंगियों ने निबटने के लिए पूरे इंतजाम किये गये थे। शाम ढलते नही नगर में अलग- अलग स्थानों पर पुलिस की टीमें गश्त पर निकली। नये साल के जश्न में खलल न पडे़ इसके लिए पुलिसकर्मियों की ओर से आयोजकों को पहले ही निर्देश जारी किये गये। नये साल के जश्न की आड़ में शराब पीकर हुड़दंग मचाने तथा सड़कों पर वाहन दौड़ाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रही। देर रात तक जश्न का सिलसिला चलता रहा।
– संजय चौहान


Download Android App
Download iOS App



