मध्यप्रदेश की वरिष्ठ कांग्रेस नेता कल्पना परुलेकर की 67 साल की उम्र में निधन

Summary :

जनता की समस्याओं को लेकर उग्र आंदोलन के कारण वह गिरफ्तारी के बाद जेल भी जा चुकी थीं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक कल्पना परुलेकर अविवाहित थीं।

मध्यप्रदेश की वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक कल्पना परुलेकर का संक्षिप्त बीमारी के बाद बुधवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 67 वर्ष की थीं। मेदांता हॉस्पिटल के मेडिकल अधीक्षक संजय गीत ने बताया कि गत 18 दिसंबर से इस अस्पताल में भर्ती परूलेकर (67) ने बुधवार को सुबह आखिरी सांस ली। उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।

उन्होंने बताया कि कल्पना परुलेकर हृदय की पुरानी बीमारी से पीड़ित थीं। कुछ दिन पहले उनकी दोनों किडनी में भी समस्या उत्पन्न हो गयी थी और उन्हें डायलिसिस पर रखा गया था। इस बीच, प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने परूलेकर के निधन पर शोक जताया है।

Kamal Nath

उन्होंने ट्वीट किया, ‘पूर्व विधायक डॉ. कल्पना परुलेकर के दुःखद निधन का समाचार मिला। वह पिछले कई दिनों से अस्वस्थ थीं। उनके निधन पर विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान व उनके परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।’


उज्जैन के महिदपुर क्षेत्र से विधायक रह चुकीं कल्पना परुलेकर की गिनती कांग्रेस के तेजतर्रार नेताओं में होती थी। जनता की समस्याओं को लेकर उग्र आंदोलन के कारण वह गिरफ्तारी के बाद जेल भी जा चुकी थीं। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक कल्पना परुलेकर अविवाहित थीं। उनके शोकसंतप्त परिवार में उनके भाई तथा भतीजे-भतीजियां हैं।

Desk Team