बिहार : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृहजिले नालंदा के दीपनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अपराधियों ने व्यवसायी व राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता इंदल पासवान की गोली मार कर हत्या कर दी। पासवान की हत्या से नाराज लोगों ने जमकर बवाल मचाया और एक घर में आग लगा दी तथा दो संदिग्धों को पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। पुलिस के अनुसार, मघड़ा गांव निवासी इंदल पासवान अन्य किसी गांव से किसी श्राद्ध कर्म में शामिल होने के बाद बाइक से देर रात अपने गांव लौट रहे थे।
गांव के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं जिससे पासवान की मौके पर ही मौत हो गई। पासवान पिछले सप्ताह ही राजद से जुड़े थे। रात में इंदल पासवान जब घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनको खोजना शुरू किया। बुधवार की सुबह उनका शव गांव के पास ही मिला। घटनास्थल से उनकी बाइक भी मिली। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वारदात से नाराज लोगों ने जमकर बवाल मचाया।
संदिग्ध आरोपी के घर में आग लगा दी तथा वहां खड़े एक ऑटो को क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों ने दो संदिग्ध आरोपियों की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के संबंध में नालंदा के पुलिस उपाधीक्षक इमरान परवेज ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला आपसी विवाद में हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



