भारत की पहली बुलेट ट्रेन के काम में थोड़ी और तेजी के साथ ही राष्ट्रीय उच्च गति रेल निगम लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) ने मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के लिए गुजरात के वडोदरा और वापी के बीच 237 किलोमीटर लंबे ट्रैक के काम के लिए एक जापानी फर्म के साथ शुक्रवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
एक बयान के अनुसार जापान रेलवे ट्रैक कंसल्टेंट कंपनी लिमिटेड (जेआरटीसी) एचएसआर ट्रैक घटकों जैसे आर सी ट्रैक बैड़, ट्रैक स्लैब व्यवस्था और निरंतर वेल्डेड रेल (सीडब्ल्यूआर) बलों आदि की विस्तृत डिजाइन और ड्राइंग मुहैया करेगा। इस डिजिटल कार्यक्रम में प्रबंध निदेशक अचल खरे, निदेशक परियोजना राजेंद्र प्रसाद, निदेशक रोलिंग स्टॉक विजय कुमार और एनएचएसआरसीएल से अन्य अन्य वरिष्ठ अधिकारी, भारत में जापान दूतावास में मंत्री शिंजो मियामोटो, जेआईसीए के मुख्य प्रतिनिधि कात्सुओ मात्सुमोतो और जेआरटीसी के अध्यक्ष होरियामा उपस्थित थे।
खरे ने कहा, ‘‘एमएएचएसआर परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर एक बहुत महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। यह टीम भावना से किये गये काम और सहयोग का भी प्रतीक है और मुझे विश्वास है कि यह एमएएचएसआर परियोजना तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अन्य देशों में भविष्य की परियोजनाओं के लिए भी जारी रहेगा।’’
भारत में जापान के दूतावास में मंत्री शिंजो मियामोटो ने कहा, “यह समझौता ज्ञापन भारत और जापान की साझेदारी के बीच संबंधों को मजबूत करेगा और ‘मेक इन इंडिया’ पहल को भी बढ़ावा देगा। यह भारत को जापानी हाई स्पीड रेल प्रणाली के प्रौद्योगिकी हस्तांतरण को भी सुनिश्चित करेगा।’’


Download Android App
Download iOS App



