देश के सबसे अमीर उद्योगपतियों की सूची में शुमार मुकेश अंबानी के मुंबई स्थित घर ‘एंटीलिया’ के बाहर मिली संदिग्ध एसयूवी कार के मालिक मनसुख हिरेन की मौत मामले में विवादों में घिरे पुलिस अधिकारी सचिन वाझे से 12 घंटे की पूछताछ के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया है। मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर विस्फोटक से भरी स्कॉर्पियो प्लांट करने के आरोप में मुंबई पुलिस के अधिकारी सचिन वाझे पर यह एक्शन हुआ है।
माना जा रहा है कि मुंबई पुलिस के अधिकारी सचिन वाझे को आज एनआईए कोर्ट में पेश करेगी और कस्टडी मांगेगी। इससे पहले नाम सामने आने पर सचिन वाझे ने शुक्रवार को ठाणे की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। शनिवार को अदालत ने वाझे को अंतरिम जमानत देने से इंकार कर दिया था। एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि सचिन वाझे ने 25 फरवरी को कारमाइकल रोड (एंटीलिया के पास) पर विस्फोटक से लदे स्कॉर्पियो लगाने वाले समूह का हिस्सा होने की बात कबूल कर ली है।
एनआईए के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘सचिन वाझे को रात 11 बजकर 50 मिनट पर एनआईए मामला आरसी/1/2021/एनआईए/एमयूएम में गिरफ्तार कर लिया गया।’’ एएनआई ने यह भी बताया है कि सचिन वाझे को आईपीसी की धारा 286, 465, 473, 506(2), 120 B और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 4(a)(b)(I) के तहत गिरफ्तार किया गया है। उनपर यह धाराएं 25 फरवरी को मुकेश अंबानी के घर के बाहर विस्फोटक से भरी कार को प्लांट करने में शामिल होने के आरोप में लगाई गई हैं। बता दें कि सचिन वाझे को 12 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ करने के बाद शनिवार रात गिरफ्तार किया गया था। वाझे, दक्षिण मुंबई में कंबाला हिल स्थित एजेंसी के दफ्तर में पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे अपना बयान दर्ज कराने के लिए पहुंचे थे।


Download Android App
Download iOS App



