NIA का खुलासा- वाजे ने बड़ा सा कुर्ता-पजामा पहना था ना कि PPE, लेपटॉप का डेटा भी है डिलीट

Summary :

एनआईए ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में सचिन वाजे अपने सिर को बड़े रूमाल से ढंकते हुए देखा जा सकता है ताकि कोई उसे पहचान न सके। अपनी बॉडी लैंग्वेज और चेहरे को छुपाने के लिए उसने बड़े साइज का कुर्ता-पजामा पहना था ना कि पीपीई।

मुंबई के एसयूवी मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, इसमें नए-नए खुलासे हो रहे हैं। उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर जिलेटिन की छड़ों से लदी स्कॉर्पियो कार मिलने के मामले में गिरफ्तार मुंबई पुलिस के अधिकारी सचिन वाजे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सोमवार को निलंबित किया जा चुका है। गिरफ़्तारी के बाद नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी एनआईए इस गुत्थी को सुलझाने के लिए ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
इस बीच एनआईए ने बुधवार को कहा कि सीसीटीवी फुटेज में सचिन वाजे अपने सिर को बड़े रूमाल से ढंकते हुए देखा जा सकता है ताकि कोई उसे पहचान न सके। अपनी बॉडी लैंग्वेज और चेहरे को छुपाने के लिए उसने बड़े साइज का कुर्ता-पजामा पहना था ना कि पीपीई। जांच कर रही एजेंसी ने कहा कि सचिन वाजे के केबिन से परसों हुई रेड में एक लैपटॉप जब्त किया गया था, लेकिन उसका सारा डाटा पहले ही डिलीट कर दिया गया था। उससे उसके फोन के लिए पूछा गया तो उसने बताया कि उसने उसे कहीं छोड़ दिया है। लेकिन असल में उसने जानबूझकर फोन फेंका है।
वहीं राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार की शाम को एक काले रंग की मर्सिडीज बेंज बरामद की है। कहा जा रहा है कि इस मर्सिडीज का उपयोग गिरफ्तार किए गए मुंबई पुलिस के अधिकारी सचिन वाजे करते थे। एनआईए के महानिरीक्षक अनिल शुक्ला ने बताया है कि एजेंसी ने चोरी की गई एसयूवी स्कॉर्पियो की नंबर प्लेट भी बरामद कर ली है। यह स्कॉर्पियो मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर 20 जिलेटिन की छड़ों और एक धमकी नोट के साथ खड़ी पाई गई थी।
इसके अलावा एनआईए ने 5 लाख रुपये नकद, नोट गिनने वाली मशीन और कुछ कपड़े भी जब्त किए हैं। शुक्ला ने कहा कि वाजे इस मर्सिडीज कार को चलाते थे। अब इस कार के मालिक का पता लगाया जा रहा है। बता दें कि  13 मार्च को गिरफ्तार किए गए पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को शहर पुलिस की अपराध शाखा के सीआईयू से संबंद्ध कर दिया गया था। शाखा का दफ्तर दक्षिण मुंबई में पुलिस आयुक्त कार्यालय के परिसर में स्थित है।
अधिकारी ने बताया कि एनआईए की टीम ने वाजे के दफ्तर की तलाशी के दौरान वहां से कुछ ‘आपत्तिजनक दस्तावेज’ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जैसे लैपटॉप, आई-पैड और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। उन्होंने कहा कि तलाशी सोमवार शाम करीब आठ बजे शुरू हुई और मंगलवार सुबह चार बजे तक चलती रही। अधिकारी ने बताया कि एनआईए ने अभी तक सहायक पुलिस आयुक्त सहित अपराध शाखा के सात अधिकारियों के बयान दर्ज किए हैं।
उन्होंने बताया कि एजेंसी ने आज लगातार तीसरे दिन सीआईयू इकाई के सहायक पुलिस निरीक्षक रियाजुद्दीन काजी से पूछताछ की। गौरतलब है कि अंबानी के मकान के पास कार्मिचेल रोड पर विस्फोटक लदी एसयूवी बरामद होने के दो दिन बाद 27 फरवरी को काजी ने ठाणे जिले के साकेत इलाके में रहने वाले वाजे की हाउसिंग सोसायटी के सीसीटीवी की फुटेज ली थी।
अधिकारी ने बताया कि इस वीडियो (डीवीआर) का जिक्र बरामद सामान की सूची में नहीं था और जांच एजेंसी को संदेह है कि यह फुटेज साक्ष्य को नष्ट करने के लिए लिया गया था जिससे वाजे मामले में फंस सकते थे। व्यावसायी मनसुख हिरेन की पत्नी का आरोप है कि एसयूवी का कुछ समय तक वाजे ने इस्तेमाल किया था। गौरतलब है कि हिरेन ने दावा किया था कि स्कॉर्पियो उनके पास से चोरी हुई थी। हिरेन की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई है।

राहुल गांधी का आरोप- ‘असली डिग्री’ होने पर युवाओं को दंडित कर रही है सरकार

Desk Team