गुजरात सरकार ने हाल ही में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने के बाद अहमदाबाद सहित राज्य के चार प्रमुख शहरों में लगाया गया रात का कर्फ्यू 15 दिन और बढ़ाने का निर्यण किया है। अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट में रात के कर्फ्यू की अवधि 28 फरवरी को समाप्त हो रही थी।
शुक्रवार रात जारी एक बयान में कहा गया कि कोरोना वायरस संक्रमण के मामले हाल में बढ़ने के बाद सरकार ने चार नगर निगमों में रात का कर्फ्यू 15 दिन और बढ़ाने का फैसला किया है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष दीपावली के बाद इन शहरों में संक्रमण के मामले बढ़ने के बाद पहली बार रात का कर्फ्यू लगाया गया था और यह पांचवीं बार है जब रात्रि कर्फ्यू की अवधि को बढ़ाया गया है।
यह कर्फ्यू आधी रात से शुरू हो कर सुबह छह बजे तक चलता है, लेकिन बयान में यह नहीं बताया गया है कि बढ़ाए गए रात्रिकालीन कर्फ्यू का वक्त क्या रहेगा।मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने शुक्रवार को गुजरात में संक्रमण के हालात की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की थी, जिसके बाद यह बयान जारी किया गया है।
बयान के अनुसार राज्य में कोविड-19 टीकाकरण अभियान के प्रथम चरण में कुल 4.82 लाख स्वास्थ्य कर्मियों में से 4.07 लाख से अधिक को टीके की पहली खुराक दी गई थी। इसमें कहा गया कि अब तक 1.23 लाख स्वास्थ्य कर्मियों को टीके की दूसरी खुराक दी जा चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



