केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी शुक्रवार को बीजेपी मेडिकल सेल महाराष्ट्र द्वारा कोविड-19 पर आयोजित एक वेबिनार में शामिल हुए। इस दौरान चिकित्सकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि छोटे और मध्यम आकार के अस्पतालों को कोविड-19 की आशंकित तीसरी लहर के मद्देनजर ऑक्सीजन आपूर्ति और अन्य चिकित्सीय सुविधाओं में आत्मनिर्भर बनना चाहिए।
उन्होंने कहा, “ऑक्सीजन आपूर्ति एक अहम मुद्दा है और हमें उस मोर्चे पर आत्मनिर्भर बनना होगा…50 से अधिक बिस्तरों वाले अस्पतालों को ऑक्सीजन आपूर्ति में आत्मनिर्भर बनना चाहिए।” मंत्री ने कहा कि सभी जिलों में ऑक्सीजन टैंकर उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
गडकरी ने आशंकित तीसरी लहर से निपटने के लिए सभी जिलों के लिए तत्काल, मध्यवर्ती और दीर्घकालिक कार्य योजना का आह्वान किया और कहा कि प्रत्येक जिले को 4,000 से 5,000 अतिरिक्त ऑक्सीजन सिलेंडरों से लैस किया जाए। बीजेपी नेता ने अस्पतालों से उनकी मौजूदा बिस्तर क्षमता को भी बढ़ाने को कहा।
उन्होंने कहा, “प्रत्येक अस्पताल को आपातकालीन परिस्थितियों में दो से चार दिन के भीतर बिस्तरों की क्षमता कैसे बढ़ाई जाए इसकी योजना बनानी चाहिए। इसी तरह, 50 बिस्तरों वाले अस्पतालों के पास कम से कम पांच से सात वेंटिलेटर बिस्तर होने चाहिए।” गडकरी ने चिकित्सा प्रकोष्ठ के सदस्यों से समाज के लिए काम करने करने को कहा और कहा कि तब यह “वास्तविक सामाजिक कार्य और राष्ट्रवाद होगा।”


Download Android App
Download iOS App



