मुजफ्फरपुर बालिका गृह मामले पर बोले सुशील मोदी – किसी भी मंत्री को इस्तीफा देने की जरूरत नहीं

Summary :

सुशील कुमार मोदी ने कहा कि वर्मा के संलिप्त पाए जाने या बालिका गृह यौन उत्पीड़न मामले में उनके खिलाफ कुछ भी मिलने पर उन्हें पद से हटने को कहा जा सकता है।

बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने सोमवार को कहा कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड सामने आने के बाद महज कुछ लोगों के बयान देने के कारण सामाजिक कल्याण मंत्री मंजू वर्मा या किसी अन्य मंत्री के इस्तीफे की जरूरत नहीं है।

जदयू से जुड़ीं वर्मा के इस्तीफे के लिए पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं की मांग के बारे में पत्रकारों के सवाल पर सुशील कुमार मोदी ने यह जवाब दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता का बयान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लोकसंवाद कार्यक्रम के बाद आया है।

कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से बात करते हुए सुशील कुमार मोदी ने कहा कि वर्मा के संलिप्त पाए जाने या बालिका गृह यौन उत्पीड़न मामले में उनके खिलाफ कुछ भी मिलने पर उन्हें पद से हटने को कहा जा सकता है। मुजफ्फरपुर में बालिका गृह में लड़कियों के यौन उत्पीड़न के मामले में पति का नाम सामने आने के बाद से वर्मा विवादों में घिरी हैं।

मुजफ्फरपुर कांड : सीबीआई जांच पर नजर रखेगा पटना हाई कोर्ट

मोदी ने शहरी विकास मंत्री और मुजफ्फरपुर के विधायक सुरेश शर्मा का संदर्भ देते हुए कहा, ”आरोप लगाना अलग चीज है, दोष जांच से साबित होता है। हमारी पार्टी से भी कुछ लोगों ने एक मंत्री के खिलाफ आरोप लगाए हैं।”

मोदी ने कहा, ”भाजपा के किसी नेता के बयान को पार्टी की आधिकारिक लाइन बताकर यह नहीं कहा जा सकता कि ऐसी मांग की गयी है। प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने ऐसी कोई मांग नहीं की है। इसलिए कुछ नेताओं की निजी राय को पार्टी की राय समझना गलत होगा।”

Desk Team