पटना : बिहार इन दिनों शेल्टर होम की घटनाओं को लेकर लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस बीच मंगलवार को एक और ऐसी घटना हुई जिसने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया। मंगलवार को पटना के सचिवालय थाना क्षेत्र में योजना विभाग के अंडर सेक्रेटरी राजीव कुमार को कुछ अपराधियों ने घर में घुसकर गोली मार कर हत्या कर दी है।
बताया जा रहा है कि लूटपाट के इरादे से कुछ अपराधी सरकारी क्वार्टर में घुसे थे। गोली लगने के बाद राजीव कुमार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। यह घटना मंगलवार की सुबह की है। बताया जा रहा है कि अपराधी उनके घर से गहने और पैसे भी लूट लिए। मृतक राजीव कुमार की पत्नी ने बताया कि मेरे पति को पकड़ लिया और हम लोगों को रूम में बंद कर दिया। पैसे ले गए. उन्होंने बताया कि यह घटना 3 से 4 बजे के बीच की है।
आपको बता दें कि सोमवार को वैशाली जिले के जन्दाहा प्रखंड कार्यालय परिसर में नवनिर्वाचित जन्दाहा प्रखंड प्रमुख मनीष सहनी की अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंघ गोलीबारी कर हत्या कर दी थी। जिलाधिकारी राजीव रौशन ने बताया कि अपराधी चार-पांच की संख्या में थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।
रालोसपा के जिला सचिव मनीष सहनी हाल ही में प्रखंड प्रमुख निर्वाचित घोषित किए गये थे. सहनी की मौत से आक्रोशित उनके समर्थकों के जन्दाहा थाने में तोड़फोड़ और आगजनी की। उग्र समर्थकों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।जिलाधिकारी ने बताया कि दो गुटों के बीच संघर्ष के दौरान और पुलिस गोली बारी में छह लोगों के चोटिल होने और गोली लगने की जानकारी प्राप्त हुई है तथा घायलों में से एक को बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाने के क्रम में रास्ते में मौत हो जाने की प्राप्त सूचना की पुष्टि करायी जा रही है।
बिहार इन दिनों मुजफ्फरपुर में अनाथ बच्चियों के साथ यौन शोषण के मामले को लेकर चर्चा में है, जिससे राज्य में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा हो गया है।


Download Android App
Download iOS App



