देश की सबसे बड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली उत्पादक कंपनी ‘एनटीपीसी’ ने अपनी तपोवन परियोजना हादसे के मृतक कर्मचारियों के परिजनों को मुआवजा राशि का वितरण शुरू कर दिया है। उत्तराखंड के चमोली जिले में सात फरवरी को बर्फ और चट्टानें खिसकने से अचानक आई बाढ़ में इस परियोजना पर काम कर रहे कई कर्मचारियों की मलबे में दबने से मौत हो गई थी।
एनटीपीसी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि तपोवन आपदा में दिवंगत कर्मी नरेंद्र जी की पत्नी विमला देवी को 20 लाख रुपये का पहला चेक प्रदान किया गया। तपोवन परियोजना के प्रमुख आर पी अहिरवार के अगुवाई में एनटीपीसी की एक टीम ने सोमवार को तपोवन विहार में विमला देवी के घर जाकर उन्हें चेक सौंपा। एनटीपीसी टीम ने आपदा की चपेट में इस परियोजना के जान गंवाने वाले कर्मियों के रिश्तेदारों को मुआवजे के वितरण के लिए आवश्यक प्रक्रिया को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में कंपनी ने राज्य सरकार द्वारा जारी अनुग्रह राशि की सूची के अनुसार अपनी तरफ से मृतक कर्मचारियों के परिजनों को मुआवजा राशि देने का फैसला किया है।
उधर, परियोजना स्थल पर बचाव कार्य लगातार नौवें दिन भी जारी रहा। एनटीपीसी समेत विभिन्न एजेंसियां परियोजना स्थल पर सुरंग में फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए मिल-जुलकर काम कर रही हैं।


Download Android App
Download iOS App



