OBC आरक्षण को लेकर शिवराज ने कांग्रेस पर लगाया महापाप का आरोप, कहा- ना चुनाव चाहते हैं ना रिजर्वेशन…

Summary :

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विधानसभा में ओबीसी आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को जमकर घेरते हुए कहा कि सरकार हर वर्ग को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विधानसभा में अन्य पिछड़ वर्ग (ओबीसी) आरक्षण के मुद्दे पर विपक्ष को जमकर घेरते हुए कहा कि सरकार हर वर्ग को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस मसले पर जल्द सुनवाई के लिए सरकार ने न्यायालय से जल्द सुनवाई का आग्रह किया है। मध्यप्रदेश विधानसभा में आज एक संकल्प सर्वसम्मति से पारित किया गया कि पंचायत चुनाव ओबीसी वर्ग को आरक्षण के बगैर नहीं होंगे। इस आशय का संकल्प मुख्यमंत्री चौहान ने ही पेश किया।
इसी दौरान उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय, सामाजिक समरसता के साथ राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। हर वर्ग के कल्याण और सभी को न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। सरकार ने ओबीसी आरक्षण के साथ ही पंचायत चुनाव होने के संबंध में पुनर्विचार याचिका दायर की थी। न्यायालय में जल्द सुनवाई के लिए भी आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि तत्काल फैसला आए।
उन्होंने कहा कि बिना इतने बड़े वर्ग के आरक्षण के चुनाव में जाना ना तो तर्कसंगत है और न प्रदेश के हित में है। सरकार हरसंभव कोशिश करेगी और पंचायत चुनाव ओबीसी आरक्षण के साथ ही होगा। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि सदन संकल्प लेता है कि बिना ओबीसी आरक्षण के पंचायत चुनाव नहीं कराए जाएं। उन्होंने सभी सदस्यों से आग्रह किया कि इस संकल्प को सर्वसम्मति से पारित करके एक नया इतिहास रचें। 
इस संकल्प का सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अलावा मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और अन्य दल के सदस्यों ने भी समर्थन किया। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने संकल्प के सर्वसम्मति से पारित होने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार वैधानिक पक्ष को लेकर सुप्रीम कोर्ट गई। अब सरकार न्यायालय में अपने पक्ष को पूरी ताकत के साथ रखेगी। इसके साथ ही ओबीसी को पंचायत के चुनाव में आरक्षण मिले उसके लिए हर संभव उपाय करेगी।
इस मुद्दे पर कांग्रेस सदस्यों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के लोग उच्च और सुप्रीम कोर्ट गए और ओबीसी आरक्षण विपक्ष के कारण रुका। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि ऐसी परिस्थितियां उत्पन्न हुई हैं, प्रदेश में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कांग्रेस पर महापाप करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष न तो चुनाव चाहता है और न ही ओबीसी को आरक्षण मिलना। इसीलिए कांग्रेस ने बार-बार कभी हाई कोर्ट और कभी सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यह स्थिति पैदा की है और अब वह पाखंड कर रही है।

Desk Team