ओडिशा के मंत्री नब किशोर दास की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने वाले बर्खास्त सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) गोपाल दास को मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच झारसुगुड़ा उपजेल से कटक के चौद्वार सर्कल जेल स्थानांतरित कर दिया गया। एक शीर्ष जेल अधिकारी ने यह जानकारी दी।
महानिदेशक (जेल) मनोज छाबड़ा ने बताया कि गोपाल दास को कटक की जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है, क्योंकि उसने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए इसके लिए अनुरोध किया था।
पूर्व मंत्री पर कथित तौर पर गोली चलाने के बाद दास को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया था और पुलिस की अपराध शाखा को दी गयी 13 दिन की हिरासत पूरी होने के बाद आरोपी को झारसुगुड़ा में जेल भेज दिया गया था। पुलिस की अपराध शाखा इस मामले की जांच कर रही है।
पूर्व एएसआई को हाल में पॉलीग्राफ और नार्को एनालिसिस टेस्ट के लिए गुजरात के गांधीनगर ले जाया गया था और दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 164 के तहत उसका बयान न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रथम श्रेणी के सामने दर्ज किया गया था। इससे पहले पुलिस ने कहा था कि दास ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दास सीसीटीवी की निगरानी में चौद्वार स्थित सर्किल जेल के एक विशेष प्रकोष्ठ में रहेगा। मंत्री की हत्या में कथित संलिप्तता के मद्देनजर दास के साथ विचाराधीन कैदी की तरह व्यवहार किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



