कमलनाथ के इस्तीफे पर बोले गहलोत-दिनदहाड़े हुई लोकतंत्र की हत्या

Summary :

मुख्यमंत्री गहलोत ने शुक्रवार को एक ट्वीट में कहा आज मध्य प्रदेश में जो हुआ है, वह लोकतंत्र की दिनदहाड़े की गई हत्या है।

मध्यप्रदेश में बीते कुछ दिनों से जारी सियासी घमासान ने आज एक नया मोड़ ले लिया। बता दें कि बहुमत साबित न कर पाने के कारण कमलनाथ ने राज्यपाल लालजी टंडन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। जिसके बाद से कांग्रेस में संकट के बादल छा गए। ऐसे में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मध्यप्रदेश सरकार के गिरने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र की दिनदहाड़े हत्या हुई है।


मुख्यमंत्री गहलोत ने शुक्रवार को एक ट्वीट में कहा, आज मध्य प्रदेश में जो हुआ है, वह लोकतंत्र की दिनदहाड़े की गई हत्या है। लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई किसी सरकार को सत्ता की भूख के लिए गिराना भाजपा की एक आदत बन गई है। उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट के गुरुवार के निर्देश के अनुसार, शुक्रवार अपराह्न् दो बजे से विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होना था। 

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने राज्यपाल लालजी टंडन को सौंपा अपना इस्तीफा

लेकिन मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इससे पहले 12 बजे ही एक संवाददाता सम्मेलन बुलाकर इस्तीफे की घोषणा कर दी। उन्होंने इस मौके पर अपनी 15 माह की सरकार की उपलब्धियां गिनाई और भाजपा पर कांग्रेस सरकार को गिराने की साजिश रचने का आरोप लगाया।

Desk Team