मध्यप्रदेश की कमलनाथ नीत कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह समेत करीब 1,000 कार्यकर्ताओं को शुक्रवार को यहां एहतियातन गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) अवधेश कुमार गोस्वामी ने संवाददाताओं को बताया कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में किये गये आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारी भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेड हटाकर कलेक्टोरेट परिसर में जबरन प्रवेश की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया, ‘हमने शांति भंग होने की आशंका में करीब 1,000 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया।’
चश्मदीदों के मुताबिक कलेक्टोरेट परिसर के सामने गिरफ्तारी के बाद पुलिस की गाड़ियों में बैठाये गये प्रदर्शनकारियों में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह के अलावा पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, इंदौर क्षेत्र के लोकसभा सांसद शंकर लालवानी और शहर की महापौर व विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ शामिल थे। भाजपा नेताओं ने आंदोलन में आरोप लगाया कि कमलनाथ सरकार माफिया रोधी अभियान की आड़ में सूबे के प्रमुख विपक्षी दल के नेता-कार्यकर्ताओं पर राजनीतिक दुर्भावनावश गलत कार्रवाई कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



