गुरूग्राम में एक मुस्लिम युवक की दाढ़ी काटने संबंधी घटना की निंदा करते हुए एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने आज कहा कि जो लोग ऐसी कठोरता और अन्याय करते हैं उन्हें मुसलमान बना लिया जाएगा और उनसे दाढ़ी रखवायी जाएगी। उनके बयान पर तेलंगाना के बीजेपी विधायक टी राजा सिंह लोध ने कड़ी प्रतिक्रया दी है। उन्होंने कहा कि जब तक ‘जिहादियों’ का बहिष्कार नहीं किया जाता है तब तक दाढ़ी रखने वाले किसी भी मुसलमान को संदेह की दृष्टि से देखा जाएगा। ओवैसी ने एक जनसभा में गुरुग्राम की घटना का जिक्र करते हुए मुस्लिम युवकों से ऐसी घटनाओं से नहीं डरने की अपील की।
उन्होंने कहा, ‘‘यदि किसी को डर लग रहा है कि हमारे मुसलमान भाई की दाढ़ी काट दी गयी… चिंता की कोई बात नहीं है। मैं आपको बता रहा हूं जिन्होंने दाढ़ी काटी, मैं आपके पिता से कह रहा हूं……… कि आप दाढ़ी नहीं, गला काट दीजिए, (लेकिन) हम मुसलमान बने रहेंगे…… यह हमारा संवैधानिक अधिकार है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग ऐसी कठोरता एवं अन्याय में लगे हैं, (उन्हें समझ लेना चाहिए कि) दाढ़ी काट भी दी जाती है तो हम दाढ़ी रखना नहीं छोड़ेंगे। हम और लंबी दाढ़ी रखेंगे। हम इतनी लंबी दाढ़ी रखेंगे कि सच में , हम आपको इस्लाम के अंदर ले लायेंगे। हम आपको लायेंगे और आपसे दाढ़ी रखवायेंगे।’’
लोध ने इस पर सोशल मीडिया में अपने वीडियो संदेश में कहा, ‘‘देखिए कश्मीर, जो भारत का हिस्सा है, में क्या हो रहा है, वहां जो दाढ़ी रख रहे हैं… वे सेना पर ग्रेनेड फेंकते हैं, गोलियां दागते हैं, आम लोगों के बीच बम विस्फोट करते हैं, उन्हें मार देते हैं। शायद इससे भय का माहौल बना और संशय की वजह से कुछ लोगों ने शायद दाढ़ी काट दी हो।’’ लेकिन उन्होंने इसे गलत ठहराया और कहा कि सरकार कार्रवाई करेगी।
इससे पहले ओवैसी ने आरोप लगाया था कि केंद्र में राजग की सरकार आने के बाद मुस्लिम अल्पसंख्यकों पर हमले बढ़ गए हैं। उन्होंने कहा था कि हालांकि प्रधानमंत्री ‘सब का साथ, सब का विकास’ की बात कर रहे थे लेकिन भारत में गाय के नाम पर मुसलमान मारा जा रहा है। उन्होंने राजस्थान के अलवर में अकबर खान की पीट पीट कर हुई हत्या का हवाला देते हुए कहा कि उसकी हत्या के बाद बीजेपी के एक विधायक ने उसे गाय का तस्कर बताते हुए कहा था कि यह तो होने ही वाला था।


Download Android App
Download iOS App



