बारिश के दौरान देश के कई हिस्सों से इमारत ढहने के मामले सामने आए। वही ताजा मामला बिहार से सामने आया है, जहां पटना रेलवे स्टेशन पर एक 70 वर्षीय बुजुर्ग के ऊपर बाथरूम की दीवार गिरने से उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची जीआरपी की टीम ने शव को मलबे से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दरअसल, आज वैशाली के महनार निवासी वीर बहादुर सिंह स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।
वीर बहादुर सिंह को हावड़ा जाना था, जिसके लिए वह स्टेशन पर भी प्रतीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान वहां टॉयलेट की दीवार गिर गई, जिससे वीर बहादुर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टॉयलेट में मरम्मत का काम चल रहा था। दीवार की कमजोर हालत होने की खबर है, जिससे जिम्मेदार विभाग की लापरवाही सामने आ रही है। फिलहाल, जीआरपी ने वीर बहादुर के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को सूचना दे दी गई है।
बता दें कि बीते दिनों में देश के कई हिस्सों से इस प्रकार की घटनाएं सामने आई हैं। सबसे पहले उत्तर प्रदेश के नोएडा से इस प्रकार की घटनाएं सामने आई और उसके बाद लगातार तादाद बढ़ती चली गई। अभी 3 अगस्त को ही उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक ही दिन में करीब 5 इमारतें गिर गई थी। इन हादसों में कुल 3 लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी, जबकि 5 लोग घायल भी हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



