पश्चिम बंगाल विधानसभा से मुकुल को अयोग्य ठहराने की मांग के समर्थन में कागजी कार्रवाई पूरी : अधिकारी

Summary :

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा से मुकुल रॉय को अयोग्य ठहराने की अपनी मांग के समर्थन में कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कहा भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा से मुकुल रॉय को अयोग्य ठहराने की अपनी मांग के समर्थन में कागजी कार्रवाई पूरी कर ली है। उन्होंने कहा कि वह विधानसभा सचिवालय को दस्तावेज जमा नहीं कर सके क्योंकि संबंधित कार्यालय बंद था।
तृणमूल कांग्रेस ने उनसे सवाल किया कि क्या अधिकारी ने अपने पिता शिशिर अधिकारी को लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने को कहा है जो पार्टी बदल कर भाजपा में शामिल हो गए थे। मुकुल रॉय हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर कृष्णानगर उत्तर सीट से विजयी हुए थे और 11 जून को वह वापस तृणमूल में लौट आए।
वह 2017 में ममता बनर्जी की पार्टी छोड़ने के बाद भाजपा में शामिल हुए थे। सदन में विपक्ष के नेता अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमने भाजपा के कमल चिह्न पर चुनाव जीते मुकुल रॉय को विधानसभा से अयोग्य ठहराने की अपनी मांग के समर्थन में सभी दस्तावेज तैयार कर लिए हैं।
सदन का ‘रिसीव सेक्शन’ आज बंद था। अगर यह कल भी बंद मिला तो हम संबंधित दस्तावेज और अपना पत्र मेल करेंगे।’’ तृणमूल की राज्य इकाई के महासचिव कुणाल घोष ने कहा कि कानून अपना काम करेगा लेकिन शुभेंदु अधिकारी को इस मुद्दे पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘शुभेंदु को ऐसी मांगें करने से पहले आईना देखना चाहिए। क्या उन्होंने कभी अपने पिता शिशिर अधिकारी को लोकसभा की सदस्यता छोड़ने के लिए कहा है, जो उन्होंने कांथी क्षेत्र से तृणमूल टिकट पर जीता था?’’

Desk Team