मुंबई में बुधवार सुबह कुर्ला के चिराग नगर में घाटकोपर पूर्व स्थित गौसिया चॉल पर पहाड़ी का बड़ा हिस्सा गिरने से हादसा हो गया। इस भूस्खलन में करीब पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। जब सब लोग गहरी नींद में सो रहे थे, तभी पहाड़ी का बड़ा हिस्सा चॉल की झोपड़ियों पर आकर गिर गया। फिलहाल घटनास्थल पर राहत बचाव कार्य जारी है, मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम किया जा रहा है।
सुबह 3:48 बजे चॉल की झोपड़ियों पर गिरा मलबा
मुंबई में बीती रात को काफी बारिश हुई, जिसकी वजह से पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा कुर्ला के चॉल पर गिर गया। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) को सुबह करीब 3:48 बजे इस हादसे की सूचना मिली। हादसे की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस, बिजली वितरण कंपनी, 108 एंबुलेंस और BMC वार्ड की टीमें मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से मलबा हटाने काम किया जा रहा है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
5 लोगों की मौत

बीएमसी ने बताया कि अभी भी मलबे में 6-8 लोगों के फंसे होने की आशंका है। जिसके लिए तेजी से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मलबे से दो लोगों को बाहर निकाला गया, जिनकी पहचान 28 वर्षीय साहिल अंसारी और 14 वर्षीय मोहम्मद समीर के रूप में हुई है। उन दोनों को राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, 5-6 लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है, जबकि अभी तक 5 लोगों की मौत हो गई है।
घटनास्थल पर पहुंचकर मुंबई की मेयर ने लिया जायजा
घटनास्थल पर राहत और बचाव का काम जारी है। मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। डीसीपी गणेश शिंदे के अनुसार, बचाव कार्य के लिए पुलिस के साथ-साथ BMC, NDRF और अन्य विभागों की टीमें तैनात हैं।



Download Android App
Download iOS App




