पाटीदार आरक्षण आंदोलन के नेता हार्दिक पटेल कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी की मौजूदगी में मंगलवार को पार्टी में शामिल हो गए। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सक्रिय राजनीति में प्रवेश करने के फैसले पर सफाई देते हुए पटेल ने कहा कि वह अब गुजरात के छह करोड़ लोगों के लिए बेहतर तरीके से काम कर सकते हैं।
गांधीनगर जिले में अदालज गांव के समीप कांग्रेस की एक रैली में पार्टी में शामिल होने के बाद हार्दिक ने अपने संबोधन के दौरान जनसभा में लोगों से पूछा कि क्या यह सही फैसला है। इस पर लोगों ने कहा, ‘‘हां।’’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए पटेल ने कहा कि जब कांग्रेस ने पिछले महीने पुलवामा हमले के बाद 28 फरवरी को होने वाली अपनी रैली को टालने का फैसला किया तो उस समय प्रधानमंत्री देशभर में रैलियां कर रहे थे।
25 वर्षीय पाटीदार नेता ने राहुल गांधी की प्रशंसा करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ‘‘ईमानदार’’ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘लोग मुझसे पूछते हैं कि मैंने कांग्रेस और राहुल गांधी को क्यों चुना। मैंने राहुल गांधी को चुना क्योंकि वह ईमानदार हैं। वह तानाशाह की तरह काम करने में विश्वास नहीं करते।’’
कांग्रेस में वंशवाद की राजनीति के भाजपा के आरोपों पर पटेल ने कहा कि इसमें कुछ गलत नहीं है अगर किसी नेता का बेटा लोगों की सेवा करने के लिए उसी क्षेत्र में आना चाहता है। उन्होंने कांग्रेस कैडर से अगले महीने लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए एक साथ मिलकर काम करने के लिए कहा।


Download Android App
Download iOS App




