BJP की रथयात्रा के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका, विजयवर्गीय बोले-नहीं रोक सकता प्रशासन

Summary :

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने से पहले भारतीय जनता पार्टी प्रदेश भर में रथयात्रा निकालने के प्लान के खिलाफ कलकत्ता हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने से पहले भारतीय जनता पार्टी प्रदेश भर में रथयात्रा निकालने का प्लान बना रही है। रथ यात्रा के लिए बीजेपी ने ममता बनर्जी सरकार से अनुमति मांगी थी। इसके बाद कलकत्ता हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर कर बीजेपी के रथयात्रा को रोकने की मांग की गई है। इस मामले पर अगली सुनवाई कलकत्ता हाई कोर्ट में 9 फरवरी को है। इस बीच भाजपा सांसद कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इस रथ यात्रा की शुरुआत करेंगे।
कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को कहा, ‘अदालत ने ‘रथ यात्रा’ पर स्थगन आदेश नहीं दिया है, इसलिए जिला प्रशासन इसे रोक नहीं सकता है। विपक्ष के रूप में, लोगों के बीच जाना हमारा मौलिक अधिकार है। 6 फरवरी को नड्डा जी यात्रा का उद्घाटन करेंगे और 11 फरवरी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कूचबिहार से एक अन्य यात्रा में शामिल होंगे।’
माना जा रहा है कि ममता सरकार भाजपा की इस रथ यात्रा को रोकना चाहती है। इसे लेकर ममता सरकार के एक मंत्री ने कहा कि हम अपनी संस्कृति को बर्बाद नहीं होने देना चाहते हैं। साथ ही राज्य में धर्मनिरपेक्षता को बनाए रखना चाहते हैं। बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा यह रथ यात्रा निकाल रही है। बंगाल के पांच स्थानों से यह यात्रा निकलेगी और सभी 294 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। रथयात्रा नवाबद्वीप, कूचबिहार, काकद्वीप, झारग्राम और तारापीठ से शुरू होंगी। 
भाजपा की रथयात्रा को रोकने के लिए कलकत्ता उच्च न्यायालय से एक जनहित याचिका दाखिल की गई है। बुधवार को रमा प्रसाद सरकार नाम के व्यक्ति ने उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल कर भाजपा की इस रथयात्रा को रोकने का निर्देश देने की मांग की है।

Desk Team