PM मोदी का कांग्रेस पर वार, बोले-परिवार भक्ति में ही राष्ट्र भक्ति आती है नजर

Summary :

रैली में उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब वह पार्टी नहीं रह गई जिसने आजादी की लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कहा, वह पार्टी अंतिम सांसे गिन रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसे ‘‘एक परिवार के प्रति समर्पण’’ में ही राष्ट्रवाद नजर आता है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल अंतिम सांसे गिन रहा है। महाराष्ट्र में अगले हफ्ते होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री जालना जिले के पारतुर में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। 
इस रैली में उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब वह पार्टी नहीं रह गई जिसने आजादी की लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने किसी का नाम लिए बगैर कहा, ‘‘वह पार्टी (कांग्रेस) अंतिम सांसे गिन रही है। उसे परिवार भक्ति में ही राष्ट्र भक्ति नजर आती है।’’ 
जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को हटाए जाने को लेकर विपक्षी दलों की आपत्ति के सिलसिले में उन पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, ‘‘मैं कांग्रेस और राकांपा के नेताओं से कहना चाहता हूं कि वह उस स्थान पर एक चादर डाल सकते हैं जहां अनुच्छेद 370 को दफनाया गया है।’’ 

उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के युवा नेता कहते हैं कि अनुच्छेद 370 को खत्म करने का सरकार का फैसला देश हित में है तो उन्हें पार्टी में दरकिनार कर दिया जाता है। मोदी ने आगे कहा कि मराठवाड़ा ने राज्य को तीन मुख्यमंत्री दिए लेकिन फिर भी यह क्षेत्र विकास के मामले में पिछड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि शरद पवार की राकांपा और कांग्रेस विधानसभा चुनाव में केवल 10-10 सीटें ही जीत पाएंगी। 

Desk Team