मां के 100वें जन्मदिन पर नतमस्तक PM मोदी, पैर पखारे और गिफ्ट की शॉल

Summary :

मां के सौवें जन्मदिन के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी गृह राज्य गुजरात के दौरे पर हैं। मां की आयु के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने गांधीनगर पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन की आयु 100 वर्ष की हो गई है। मां के सौवें जन्मदिन के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी गृह राज्य गुजरात के दौरे पर हैं। मां की आयु के 100 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने गांधीनगर पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही उन्होंने अपनी मां के पैर पखारे और गिफ्ट में शॉल भी दी। वहीं मां हीराबेन ने बेटे को मिठाई खिलाई।
मां को समर्पित पीएम का ब्लॉग
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी मां को समर्पित एक ब्लॉग भी लिखा। प्रधानमंत्री ने ब्लॉग में लिखा, ‘‘मेरी मां जितनी सामान्य हैं, उतनी ही असाधारण भी। ठीक वैसे ही, जैसे हर मां होती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एक बार मैं जब एकता यात्रा के बाद श्रीनगर के लाल चौक पर तिरंगा फहराकर लौटा था तो अहमदाबाद में हुए नागरिक सम्मान कार्यक्रम में मां ने मंच पर आकर मेरा टीका किया था।’’
पीएम मोदी ने कहा, ‘‘दूसरी बार वह सार्वजनिक तौर पर मेरे साथ तब आई थीं, जब मैंने मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी।’’ उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि मां, ये सिर्फ एक शब्द नहीं है, जीवन की वो भावना है, जिसमें स्नेह, धैर्य, विश्वास, कितना कुछ समाया है। मेरी मां, हीराबा आज 18 जून को अपने सौवें वर्ष में प्रवेश कर रही हैं, उनका जन्म शताब्दी वर्ष प्रारंभ हो रहा है। मैं अपनी खुशी और सौभाग्य साझा कर रहा हूं।


पीएम मोदी गांधीनगर में छोटे भाई के साथ रह रही मां हीराबेन से मिलने आज सुबह उनके घर पहुंचे। जहां उन्होंने मां के चरणों में बैठकर उन्होंने पुत्र सहज भाव से मातृश्री के चरण धोए और उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया। वह करीब 30 मिनट उनके साथ रहे और मां के शतायु होने के अवसर उनके स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

उल्लेखनीय है कि पीएम मोदी गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार की शाम गांधीनगर राजभवन पहुंचे थे। जहां से गांधीनगर में आज सुबह अपनी माता हीराबा से मिलने के बाद वह सुबह लगभग 09:15 बजे प्रधानमंत्री पावागढ़ पहाड़ पर स्थित श्री कालिका माता के पुनर्निमित मंदिर की यात्रा करेंगे और इसका उद्घाटन करेंगे। 
इसके बाद उनकी विरासत वन की यात्रा लगभग 11:30 बजे होगी। वहीं दोपहर लगभग साढ़ बारह बजे वे वडोदरा के गुजरात गौरव अभियान में हिस्सा लेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री 21,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

Desk Team