प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक को देश का नंबर-1 राज्य बनाने के लिए राज्य की जनता से सहयोग और आशीर्वाद मांगते हुए 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव में कर्तव्यनिष्ठ नागरिक की तरह मतदान अवश्य करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनका यह आग्रह कर्नाटक के उज्जवल भविष्य के लिए है – कर्नाटक के परिवारों और परिवारों की नई पीढ़ी के उज्जवल भविष्य के लिए है।
कर्नाटक की अर्थव्यवस्था के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका
प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को कर्नाटक की जनता के लिए एक वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि अभी भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और अब हमें जल्द से जल्द दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्था में शामिल होना है। यह तभी संभव है जब कर्नाटक की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़े।
मोदी ने कर्नाटक की जनता से कहा कि आपने अभी कर्नाटक में डबल इंजन की सरकार का साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल देखा है। भाजपा सरकार की निर्णायक, फोकस और फ्यूचरस्टिक नीतियां कर्नाटक की अर्थव्यवस्था के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के बावजूद भाजपा सरकार के कार्यकाल में सालाना 90 हजार करोड़ रुपये का विदेशी निवेश आया जबकि दूसरी सरकार के कार्यकाल में यही आंकड़ा 30 हजार करोड़ रुपये के आसपास था।
कर्नाटक को आधुनिकता के हर मामले में आगे ले जाना भाजपा का लक्ष्य
उन्होंने कर्नाटक के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता की बात करते हुए कहा कि भाजपा कर्नाटक को निवेश, उद्योग, इनोवेशन, शिक्षा, रोजगार, एंटरप्रेन्योरशिप और कृषि के मामले में नंबर एक राज्य बनाना चाहती है। भाजपा किसानों के लिए भी लगातार काम कर रही है।
मोदी ने आगे कहा कि कर्नाटक की विरासत यहां का सांस्कृतिक सामथ्र्य रहा है जो पूरे देश के लिए प्रिय रहा है। इस विरासत के साथ ही कर्नाटक को आधुनिकता के हर मामले में आगे ले जाना भाजपा का लक्ष्य है और इसे हासिल करने के लिए भाजपा सरकार ईमानदारी से काम करेगी।


Download Android App
Download iOS App



