गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अहमदाबाद के पास प्रमुख दवा कम्पनी ‘जाइडस कैडला’ के संयंत्र का शनिवार को दौरा करेंगे और वहां विकसित किए जा रहे कोविड-19 के टीके बारे में जानकारी हासिल करेंगे।
‘जाइडस कैडला’ का संयंत्र अहमदाबाद शहर के पास चांगोदर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है। दवा बनाने वाली कंपनी ने पहले घोषणा की थी कि कोविड-19 के संभावित टीके का प्रथम चरण का परीक्षण पूरा हो गया है और दूसरे चरण का परीक्षण अगस्त में शुरू किया गया था।
पटेल ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को गुजरात के दौरे पर आएंगे, वह ‘जाइडस कैडला’ द्वारा विकसित किए जा रहे कोविड-19 के टीके के बारे में जानकारी हासिल करेंगे।’’ एक अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री सुबह करीब साढ़े नौ बजे संयंत्र पहुंच सकते हैं।
मोदी के अहमदाबाद के बाद, पुणे स्थित सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एसआईआई) का दौरा करने की उम्मीद है, जिसने कोविड-19 का टीका विकसित करने के लिए मशहूर दवा कम्पनी ‘एस्ट्राजेनेका’ और ‘ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी’ के साथ भागीदारी की है।


Download Android App
Download iOS App



