प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को राज्यों के श्रम मंत्रियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन आंध्र प्रदेश के तिरूपति में किया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक बयान में कहा कि 25 अगस्त को अपराह्न साढ़े चार बजे प्रधानमंत्री वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय श्रम और रोजगार मंत्रालय द्वारा 25-26 अगस्त को आयोजित इस सम्मेलन में सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के श्रम मंत्री शामिल होंगे।
पीएमओ ने कहा कि इस सम्मेलन का आयोजन श्रम से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए सहकारी संघवाद की भावना से किया गया है और इससे केंद्र व राज्य सरकारों के बीच बेहतर नीतियों का निर्माण करने तथा श्रमिकों के कल्याण की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में तालमेल में मदद मिलेगी।
सम्मेलन में चार सत्र होंगे। इस दौरान ई-श्रम पोर्टल के एकीकरण पर भी चर्चा होगी, जिससे इसपर केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लाया जा सके। इसके अलावा राज्य सरकारों द्वारा संचालित ईएसआई अस्पतालों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की स्वास्थ्य से समृद्धि पहल, श्रम संहिता के अहम नियमों का निर्माण और उनके क्रियान्वयन के तौर तरीकों सहित श्रमिकों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रमुख बिन्दुओं पर चर्चा होगी।


Download Android App
Download iOS App



