प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से भारतीय विश्वविद्यालय संघ की 95वीं वार्षिक बैठक और कुलपतियों के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन अहमदाबाद स्थित बाबा साहेब आंबेडकर मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से किया जा रहा है।
इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी, राज्यपाल आचार्य देवव्रत और केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी बाबा साहेब आंबेडकर के जीवन पर आधारित और किशोर मकवाना द्वारा लिखित चार पुस्तकों का विमोचन भी करेंगे। बयान में कहा गया है कि इस भारतीय विश्वविद्यालय संघ की वार्षिक बैठक के दौरान भारत में उच्चतर शिक्षा में बदलाव के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन के मुद्दे पर कुलपतियों का एक राष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



